लखीमपुर खीरी। शहर में मंगलवार रात चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। ईदगाह मोहल्ला में एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली गई, जबकि लखीमपुर खीरी के डॉन बास्को रोड स्थित वैभव मेडिकल स्टोर में चोरी का प्रयास किया गया, हालांकि वहां चोर सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, ईदगाह मोहल्ले में रहने वाला परिवार किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सेफ अलमारी का लॉक तोड़ दिया। बदमाश सोने की चेन, झुमके, नाक की बाली, पायल समेत अन्य कीमती जेवरात और करीब तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर खीरी/डॉन बास्को रोड पर सौजन्या चौराहे के आगे शिक्षक भवन के सामने स्थित ‘वैभव मेडिकल स्टोर’ को भी चोरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले रेकी की, लेकिन बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को देखकर वे वारदात को अंजाम दिए बिना ही फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar