Breaking News
Home / BREAKING NEWS / कन्नौज-“खुद कराओ सफाई, बाद में देंगे पैसा” — प्रधान के बयान से भड़के ग्रामीण, करोड़ों खर्च के बाद भी बदहाल नालियां

कन्नौज-“खुद कराओ सफाई, बाद में देंगे पैसा” — प्रधान के बयान से भड़के ग्रामीण, करोड़ों खर्च के बाद भी बदहाल नालियां


कन्नौज (ठठिया)। उमर्दा ब्लॉक की बहसुईया ग्राम पंचायत में विकास कार्यों पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जमीनी हकीकत चिंताजनक बनी हुई है। गांव में नालियों की बदहाल स्थिति के चलते गंदा पानी सीधे किसानों के खेतों में पहुंच रहा है, जिससे फसलें बर्बाद हो रही हैं और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं। इससे खेतों में जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। पीड़ित किसान अनुज कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आरोप है कि ग्राम प्रधान मनोज कुमार ने ग्रामीणों से साफ कह दिया कि वे अपने खर्च से नालियों की सफाई और मरम्मत करवा लें, बाद में भुगतान कर दिया जाएगा। इस बयान से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में ग्राम पंचायत में करीब एक करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो नालियों की नियमित सफाई हो रही है और न ही मरम्मत। परिणामस्वरूप गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है।

मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बीडीओ सोनिया श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

About One India 24 Live

Check Also

कन्नौज- सपाइयों ने धूम धाम से मनाई 135 वीं अंबेडकर जयंती

🔊 पोस्ट को सुनें रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी कन्नौज समाजवादी नेताओं ने भारत रत्न …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *