श्रावस्ती- जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गिलौला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में गिलौला पुलिस टीम ने चोरी/लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की एक सफेद औरा कार सहित कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के निवासी सत्यम पटेल द्वारा वाहन चोरी/लूट की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर थाना गिलौला में मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान 12 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध कार में कुछ व्यक्ति सवार हैं, जो लूट की घटनाओं में शामिल हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहम्दापुर मोड़ के पास नव निर्मित बाईपास पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल, एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से वाहन किराये पर बुक करते थे और चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर देते थे। इसके बाद वाहन लूटकर नेपाल में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई हैं और गिरफ्तारी व बरामदगी की कार्रवाई को ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से रिकॉर्ड किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आशीष कुमार सहित उपनिरीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar