* महिलाओं को आत्मनिर्भर, सम्मानित और सशक्त बनाने को लेकर हुआ आयोजन।
रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज
विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” की अध्यक्षता माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा की गई। इस अवसर पर दिए गए माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी उद्बोधन का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में वेबकास्ट/यू-ट्यूब के माध्यम से कराया गया, जिसे जनपद स्तर पर व्यापक सहभागिता के साथ देखा व सुना गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी ने कहा कि “नारी सशक्तिकरण केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। आँगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ एवं महिला कर्मी जमीनी स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी का यह संदेश हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर, सम्मानित और सशक्त बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करता है।”
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आह्वान किया कि वे महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं सक्रियता के साथ धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि शासन की मंशा का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुँच सके।
इसके साथ ही जनपद के 1615 आँगनबाड़ी केन्द्रों तथा वन स्टॉप सेंटर पर भी माननीय प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सामूहिक श्रवण किया गया, जिससे महिला सशक्तिकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जा सका। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, जागरूकता एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में राम औतार सिंह, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग, दिनेश कुमार यादव, उपायुक्त श्रम रोजगार,राज कुमार लोधी, उपायुक्त एन०आर०एल०एम०; महेन्द्र प्रताप सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी, राजेश कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आई०सी०डी०एस०) तथा समस्त आँगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ, मुख्य सेविकाएँ, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित महिला एवं बाल विकास से जुड़े अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
OneIndia24live Hindi News Channel Today Breaking News Hindi Samachar