Breaking News
Home / BREAKING NEWS / कन्नौज-व्यापारियों की समस्याओं पर सख्त हुए डीएम: अनधिकृत कार्रवाई पर लगेगा अंकुश, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

कन्नौज-व्यापारियों की समस्याओं पर सख्त हुए डीएम: अनधिकृत कार्रवाई पर लगेगा अंकुश, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश


कन्नौज-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारियों ने बीज की दुकानों पर अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा नमूने लिए जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा केवल जिला कृषि अधिकारी एवं अपर जिला कृषि अधिकारी ही इसके लिए अधिकृत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अनधिकृत कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छिबरामऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाट-माप निरीक्षक द्वारा कथित अनधिकृत चालान किए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित निरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया और अपर जिलाधिकारी को कार्यालय का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
नगर पालिका गुरसहायगंज में स्थापित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के संचालन न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि प्लांट संचालित नहीं हो रहा है तो संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए और व्यापारियों के साथ संवेदनशील व सहृदय व्यवहार रखा जाए। उन्होंने व्यापारियों से इत्र पार्क में उपलब्ध शेष प्लॉट्स के आवंटन हेतु निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन करने की अपील की और अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने “प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना” की जानकारी देते हुए बताया कि यह असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र श्रमिकों का पंजीकरण किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में विशेष शिविर भी आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपायुक्त उद्योग प्रेमचन्द्र सहित विभिन्न अधिकारी और व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

About One India 24 Live

Check Also

कन्नौज- सपाइयों ने धूम धाम से मनाई 135 वीं अंबेडकर जयंती

🔊 पोस्ट को सुनें रिपोर्ट – अवनीश चंद्र तिवारी कन्नौज समाजवादी नेताओं ने भारत रत्न …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *